भाजपा सरकार ने आईजीएमसी को हिम केयर में 60 करोड़ दिए, सीएम 120 करोड़ का घोटाला बता रहे : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार ने आईजीएमसी को हिम केयर में 60 करोड़ दिए, सीएम 120 करोड़ का घोटाला बता रहे : जयराम ठाकुर


मंडी, 09 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के सराज विधानसभा स्थित बालीचौकी में कांग्रेस सरकार के खिलाफ वीरवार को भाजपा ने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जिस हिम केयर ने 11 लाख से ज्यादा लोगों को इलाज के जरिए जिंदगी दी, उस हिम केयर योजना को मुख्यमंत्री साजिश के तहत बंद करना चाहते हैं। इसीलिए वह लगातार झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं, जिससे इस योजना की छवि धूमिल हो और उन्हें इसे बंद करने का मौका मिल जाए। उनके झूठ हर दिन बेनकाब होते हैं, लेकिन अगले दिन फिर उसी बेशर्मी और साफगोई से नया झूठ बोलते हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन में हिम केयर में 1100 करोड़ के घोटाले को लेकर उनके बयान को पूरे प्रदेश ने पढ़ा और सुना था। जब हमने तर्कों के साथ उनकी इस बात का खंडन किया और उनसे प्रमाण मांगे, तो उन्होंने माफी मांगी और कहा कि हमसे गलती हो गई।

उन्होंने कहा कि आईजीएमसी की हमने ऑडिट करवाई थी और वहां पर 110 से 120 करोड़ रुपए का घोटाला निकला है। उससे भी हैरानी की बात यह है कि जब हमने जांच की, तो पता चला कि 2019 से 2022 के बीच हिम केयर के तहत आईजीएमसी में हमारी सरकार के समय लगभग 60 करोड़ का भुगतान किया गया था। फिर भी सुक्खू आईजीएमसी में 110 से 120 करोड़ रुपए का घोटाला निकाल लाए हैं। यह सरकार हिम केयर को बंद करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके सलाहकारों को ध्यान रखना चाहिए कि समय एक जैसा नहीं होता। उनका हर झूठ सच की कसौटी पर बेनकाब हुआ है और आगे भी होगा। सिर्फ इसलिए लोगों को जीवन देने वाली योजनाओं को बंद नहीं किया जा सकता क्योंकि आप उससे बेहतर कोई योजना ला नहीं सकते। आपकी सरकार के साढ़े तीन साल का कार्यकाल बीतने के बाद भी लोग उन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं और उन्हें याद कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा अब चुप नहीं बैठेगी और इस जनविरोधी, दिशाहीन और प्रतिशोधी सरकार को जड़ से उखाड़ने के लिए गांव-गांव जाकर जनता को इनके असली चेहरे से अवगत कराएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story