सर्दियों से निपटने के लिए मंडी प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त ने जारी किए आवश्यक दिशा निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डीडीएमए के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आगामी सर्दियों के मौसम में शीतलहर के दौरान विपरीत परिस्थितियों को देखते हुए जिला के सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने काे कहा है। संवेदनशील आबादी की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शहरी क्षेत्रों, सड़कों के किनारे, बस अड्डों और बाजारों में रह रहे घुमंतू लोगों की पहचान और मैपिंग करने के आदेश दिए हैं, ताकि उन्हें समय पर राहत पहुंचाई जा सके। कार्य योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला के सभी रैन बसेरों का तुरंत निरीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाया जाए और वहां रहने वालों के लिए पर्याप्त कंबल, गर्म कपड़े, हीटिंग (ताप) की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल तथा स्वच्छता का उचित प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस, स्थानीय शहरी निकायों,

स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं को आपस में बेहतर तालमेल से काम करने को कहा है ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंदों को त्वरित सहायता मिल सके। इसके साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि ठंड से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक दवाइयां और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रखी जाएं, जिसमें बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उपायुक्त ने विशेष रूप से मंडी जिला के दूरदराज, अधिक ऊंचाई वाले और बर्फबारी की संभावना वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी है, जहां अत्यधिक ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story