टीबी के मरीजों की करें लगातार निगरानी : अभिषेक गर्ग

WhatsApp Channel Join Now
टीबी के मरीजों की करें लगातार निगरानी : अभिषेक गर्ग


हमीरपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। एडीसी अभिषेक गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, फील्ड के डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और आशा वर्कर्स को निर्देश दिए हैं कि वे जिला को पूरी तरह टीबी मुक्त बनाने के लिए टीबी के मरीजों के इलाज की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें। आशा वर्कर्स अपनी उपस्थिति में ही इन मरीजों को दवाई खिलाएं। डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी भी मरीजों के साथ नियमित रूप से संपर्क करके उनका मार्गदर्शन करते रहें।

टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गठित जिला टीबी फोरम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभिषेक गर्ग ने कहा कि टीबी के मरीजों का तुरंत पता लगाने हेतु जिला हमीरपुर के लिए 4 और हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनें आ गई हैं। इससे, फील्ड में टीबी की जांच को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि टीबी के मरीज को मुफ्त दवाईयां दी जाती हैं। समय पर इलाज शुरू होने और डॉक्टर के सलाह के अनुसार दवाई खाने पर मरीज पूरी तरह ठीक हो जाता है। लेकिन, जानकारी के अभाव और लापरवाही के कारण कई मरीज दवाई खाना छोड़ देते हैं और उनकी जान चली जाती है। जिला में इस वर्ष अभी तक 523 लोगांे में टीबी की पुष्टि हुई है और इनका तुरंत उपचार आरंभ कर दिया गया है। इस वर्ष जिला में टीबी के 7 मरीजों की मृत्यु हुई है, लेकिन इनमें से अधिकांश मरीज अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रस्त पाए गए थे। एडीसी ने कहा कि जिला में टीबी से मौत के आंकड़े को शून्य तक लाने के लिए मरीजों की लगातार निगरानी तथा आम लोगों में जागरुकता बहुत जरूरी है।

बैठक में टीबी से पूरी तरह ठीक हो चुके कई मरीजों ने भी अपने अनुभव साझा किए और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सीएमओ डॉ. अजय अत्री, जिला टीबी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा, विश्व स्वास्थ्य संगठन के कंसल्टेंट डॉ. निकेत और अन्य चिकित्सकों ने भी टीबी मुक्त अभियान से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story