अल्प अवधि के कौशल विकास कोर्सों के लिए करें युवाओं की पहचान

WhatsApp Channel Join Now
अल्प अवधि के कौशल विकास कोर्सों के लिए करें युवाओं की पहचान


हमीरपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। एडीसी अभिषेक गर्ग ने हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) के अधिकारियों, शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, उद्योग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के अंतर्गत एचपीकेवीएन के माध्यम से करवाए जाने वाले अल्प अवधि के कौशल विकास प्रशिक्षण कोर्सों के लिए इच्छुक एवं जरुरतमंद युवाओं की पहचान करें। वीरवार को यहां हमीर भवन में जिला कौशल समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभिषेक गर्ग ने कहा कि 18 से 45 वर्ष तक के दसवीं या बारहवीं पास युवाओं के लिए ये निशुल्क कोर्स काफी मददगार साबित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मात्र कुछ दिनों या महीनों का प्रशिक्षण प्राप्त करके युवा अच्छा रोजगार पा सकते हैं या अपना उद्यम भी स्थापित कर सकते हैं। एडीसी ने बताया कि इस बार जिला में पांच चयनित क्षेत्रों में लगभग 2670 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें 1080 युवाओं को 2 से 5 माह का प्रशिक्षण और 1590 युवाओं को 2 से 5 दिन का प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य है। प्रारंभिक तौर पर इन प्रशिक्षण कोर्सों में योगा वैलनेस ट्रेनर, होम मैनेजमेंट एंड केयर गिवर, ग्रीन एनर्जी (सोलर) सुपरवाइजर, नेचर गाइड, असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, गैस्ट सर्विस एग्जीक्यूटिव, टूरिजम एंड हॉस्पिटैलिटी, एनवायरमेंटल साइंस और स्ट्रीट फूड जैसे सेक्टर चिह्नित किए गए हैं।

एडीसी ने कहा कि ये कोर्स सरकारी संस्थानों में ही करवाए जाएंगे। इन संस्थानों में आईटीआई एवं अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थान, होटल प्रबंधन संस्थान और अन्य संस्थान शामिल हैं। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और इसमें कुछ नए कोर्स शामिल करने के लिए विभागीय अधिकारियों से सुझाव देने की अपील भी की।

बैठक में एचपीकेवीएन की जिला समन्वयक निशा कटोच ने इस योजना के लक्ष्यों और विभिन्न प्रशिक्षण कोर्सों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी विभागों एवं संस्थानों के अधिकारियों से अधिक से अधिक युवाओं को इन कोर्सों के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story