रामपुर घाट में गैस एजेंसी के बाहर हादसा, दो वाहनों को मारी टक्कर

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 25 अगस्त (हि.स.)। पांवटा साहिब के रामपुर घाट में गैस एजेंसी के बिल्कुल बाहर मंगलवार को एक अनियंत्रित वाहन ने गैस एजेंसी की गाड़ी और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और सामने खड़ी गैस एजेंसी की गाड़ी तथा स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक की तबीयत अचानक बिगड़ने या उसे दौरा पड़ने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story