मंडी-सराज के मगरूगला में बर्फीली राह बनी काल: खाई में गिरी कार,कुल्लू के युवक की मौत, पत्नी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
मंडी-सराज के मगरूगला में बर्फीली राह बनी काल: खाई में गिरी कार,कुल्लू के युवक की मौत, पत्नी गंभीर


मंडी, 17 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी अब जानलेवा साबित होने लगी है। सोमवार देर शाम मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जंजैहली पुलिस थाना के तहत मगरूगला में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। बर्फबारी के कारण सड़क पर जमी पाले और बर्फ की फिसलन की वजह से एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कुल्लू जिले के 34 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अमित गौतम (34), पुत्र अमर सिंह, निवासी सयोबाग बबेली, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। अमित अपनी पत्नी पूनम के साथ अपनी ऑल्टो कार (HP 34E 8713) में सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मगरूगला के समीप एक तीखे मोड़ पर पहुँची, वहां सड़क पर बिछी बर्फ की सफेद चादर के कारण टायर स्किड हो गए। चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार देखते ही देखते कई सौ फीट गहरी खाई में जा लुढ़की।

पत्नी कार से बाहर गिरी, पति की मौके पर मौत

हादसा इतना भीषण था कि कार के खाई में गिरते समय अमित की पत्नी पूनम सड़क से कुछ ही दूरी पर गाड़ी से बाहर छिटक गईं, जिससे उनकी जान तो बच गई लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, अमित गौतम कार के साथ ही गहरी खाई के अंत तक चले गए, जिसके कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ऊबड़-खाबड़ और बर्फीले रास्ते की परवाह न करते हुए ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल महिला को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला। हादसे के तुरंत बाद घायल पूनम को एक निजी वाहन के जरिए सिविल अस्पताल जंजैहली पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया है।

दूसरी ओर सूचना मिलते ही जंजैहली पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि बर्फबारी के दौरान ऊपरी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story