मनाली-रोहतांग मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दो की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
मनाली-रोहतांग मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दो की मौत, तीन घायल


मनाली-रोहतांग मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दो की मौत, तीन घायल


कुल्लू, 21 सितंबर (हि.स.)। मनाली-रोहतांग सड़क मार्ग पर सिस्सू सेल्फी प्वाइंट के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ जब वाहन संख्या एचपी-31सी-1662 मनाली से रोहतांग की ओर जा रहा था। सिस्सू सेल्फी प्वाइंट के समीप चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

डीएसपी केलंग क्षमादत शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरेश पुत्र तोता राम, निवासी डाकघर बडियाल, तहसील भल, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल बबलू पुत्र हल्कू राम, निवासी डाकघर मंडी को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल मोहन सिंह पुत्र सेवक राम, निवासी चुवाड़ी, डाकघर राजगढ़, तहसील भल, जिला मंडी और पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास, निवासी डाकघर टिक्कर, तहसील भल, जिला मंडी को बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं निखिल पुत्र रमेश चंद, निवासी डाकघर सकरोआ, तहसील भल, जिला मंडी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story