नाहन-पांवटा मार्ग पर आधी रात को ट्रक और थार में भीषण भिड़ंत, खुले एयरबैग्स ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 08 जुलाई (हि.स.)। रुखड़ी के समीप नाहन-पांवटा साहिब मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक और महिंद्रा थार गाड़ी के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है और एक बड़ा अनर्थ होने से टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार रात करीब 11:30 बजे रुखड़ी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि नाहन की ओर से आ रहे एक ट्रक (HR-68C-8644) की पांवटा साहिब की तरफ से आ रही थार गाड़ी (HR-10AY-9299) से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर लगते ही थार गाड़ी के सुरक्षा एयरबैग्स तुरंत खुल गए। एयरबैग्स समय पर खुलने की वजह से थार में सवार लोग सुरक्षित रहे और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई, जबकि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। हाईवे पर आधी रात को इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

आमतौर पर नेशनल हाईवे पर इतने बड़े हादसों के बाद पुलिस केस दर्ज किया जाता है, लेकिन इस मामले में घटना के तुरंत बाद दोनों वाहन चालकों के बीच बातचीत हुई। गनीमत यह रही कि किसी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा था, जिसके चलते दोनों पक्षों ने कानूनी पचड़े में पड़ने के बजाय मौके पर ही आपसी सहमति जताते हुए समझौता कर लिया। इस संबंध में किसी भी पक्ष द्वारा पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story