पांवटा साहिब में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को मारी टक्कर, 3 लोग गंभीर रूप से घायल, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 14 जुलाई (हि.स.)। पांवटा साहिब में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा बहराल की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार द्वारा मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मारने के कारण पेश आया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर लगते ही तीनों मोटरसाइकिल सवार सड़क किनारे जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से अपने वाहन सहित फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे को लेकर हितेश (निवासी गांव सतीवाला, डाकघर बातामण्डी, तहसील व थाना पांवटा साहिब) ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बहराल की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार का चालक अपने वाहन को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान उसने पांवटा साहिब की ओर जा रही मोटरसाइकिल (नंबर UP 11 CU 4994) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे, जो टक्कर लगने के बाद बुरी तरह घायल हो गए, जबकि कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

हादसे में घायल हुए तीनों व्यक्तियों की पहचान सलीम, सावेज और रिहान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए पहुंचाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात फरार स्विफ्ट कार चालक के खिलाफ तेज लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना को अंजाम देने का मामला दर्ज कर लिया है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story