चंबा में खाई में गिरी पर्यटकों की इनोवा, गुजरात के 5 पर्यटकों सहित 6 लाेगाें की मौत
शिमला, 11 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भटियात उपमंडल में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में गुजरात के छह पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ककीरा-लाहडू मार्ग पर उस समय हुआ, जब पर्यटकों से भरी एक इनोवा गाड़ी बारिश के बीच अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। इनोवा वाहन में सवार पर्यटक मनाली से डलहौजी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ककीरा-लाहडू मार्ग पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और कई फीट नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बारिश और अंधेरे के बीच बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में मरने वालों में पांच पर्यटक गुजरात के भावनगर के रहने वाले थे, जबकि वाहन चालक हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का निवासी है।
मृतकों में गुजरात निवासी ललित भाई फटनानी, ममता बेन पत्नी ललित भाई, काजल पत्नी प्रियंक कनहिया, दियांश पुत्र प्रियंक कनहिया, प्रियंक कनहिया लाल और हिमाचल के मंडी निवासी चालक जसवंत पुत्र हरी सिंह शामिल हैं।
एसपी चम्बा विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि रात के समय भारी बारिश हो रही थी और दुर्घटना के बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

