शिमला में पिकअप खाई में गिरी, मां-बेटे सहित छह लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
शिमला में पिकअप खाई में गिरी, मां-बेटे सहित छह लोगों की मौत


शिमला, 26 जून (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा रामपुर थाना के तहत तकलेच चौकी क्षेत्र में उरमण नामक स्थान पर हुआ, जहां एक पिकअप वाहन (एचपी-06बी-2420) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में चालक सहित सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसे के समय पिकअप में छह लोग सवार थे। मृतकों में अभिषेक सानी (23) पुत्र नरसिंह सानी, निवासी गांव शरनाल, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला, लायक राम (56) पुत्र मागु राम, निवासी गांव पाठ, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला, चालक अशोक जेन (32) पुत्र ध्यान जेन, निवासी गांव छलटा, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला तथा नीतीन (23) पुत्र मैन सिंह जेन, निवासी गांव छलटा, तहसील रामपुर, जिला शिमला शामिल हैं।

हादसे में जान गंवाने वालों में कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र के रहने वाले मां-बेटे भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान आशा कुमारी पत्नी सत्य प्रकाश, निवासी गांव कवाणु, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू तथा उनके पुत्र युगल पुत्र सत्य प्रकाश, निवासी गांव कवाणु, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे वाहन तक पहुंचने और शवों को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया गया। पुलिस टीमों को राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन गहरी खाई में गिरा, लेकिन हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

इस हादसे ने रामपुर और आसपास के क्षेत्रों को झकझोर कर रख दिया है। एक साथ छह लोगों की मौत से प्रभावित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story