नाले में गिरी मोटरसाइकिल, चालक की मौत
शिमला, 22 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में नेवटी के पास एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की मोटरसाइकिल मुख्य चौपाल-नेरवा सड़क से करीब 120 मीटर नीचे नाले में क्षतिग्रस्त हालत में मिली। पुलिस के अनुसार युवक मोटरसाइकिल पर अकेले अपने घर जा रहा था। इसी दौरान वाहन से नियंत्रण खोने के बाद वह ढलान से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान केवल राम (27) पुत्र नारायण सिंह निवासी गांव हामन, डाकघर धंग्यार तहसील पच्छाद जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम नेवटी के पास मोटरसाइकिल नंबर HP 98 0885 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक नेरवा के रास्ते अपने घर की ओर जा रहा था, तभी वह मोटरसाइकिल पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क से नीचे ढलान में जा गिरा।
हादसे की जगह के आसपास न तो कोई प्रत्यक्षदर्शी मिला और न ही आबादी थी। इसके बाद नेरवा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा के शवगृह में रखवाया।
इस मामले में पुलिस थाना चौपाल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार हादसा मोटरसाइकिल चालक की कथित तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। मामले की जांच चौपाल थाना में तैनात सहायक उपनिरीक्षक जगदीश सिंह कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

