सड़क हादसे में महिला की मौत, चार लोग घायल
शिमला, 31 अगस्त (हि.स.)। जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के तहत नेरवा थाना क्षेत्र में हाडेऊ नाला के पास एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसा रविवार को दिन के समय हुआ। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हाडेऊ नाला के पास एक ऑल्टो कार (HP-08A-8604) सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में चालक की पत्नी निट्टू को गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में कार चालक नरेश, उसकी बेटी कायरा, रेवता देवी और रितिक मंता भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इस मामले में नेरवा के हिराह निवासी रितिक मंता की शिकायत पर पुलिस थाना नेरवा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

