स्कूटी चालक की सड़क हादसे में मौत, एक घायल
शिमला, 04 मई (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में एक सड़क हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा रविवार शाम करीब 7 बजे महेंदली नालू के पास हुआ। पिकअप वाहन चालक लेख राज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी गाड़ी चला रहा था, तभी हाटकोटी की ओर से आ रही एक स्कूटी तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही थी। बताया गया कि स्कूटी चालक संतुलन खो बैठा और पिकअप के पिछले टायर से टकरा गया।
टक्कर के बाद स्कूटी कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इस हादसे में स्कूटी चला रहे युवक विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दूसरे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए रोहडू अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण स्कूटी चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताया है। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) और 125(A) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

