दिवाली पर बस की टक्कर से घायल बाइक सवार की 11 दिन बाद मौत

WhatsApp Channel Join Now
दिवाली पर बस की टक्कर से घायल बाइक सवार की 11 दिन बाद मौत


शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। दिवाली के दिन शिमला जिले के बसंतपुर में निजी बस की टक्कर से घायल हुए मोटरसाइकिल सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल रोहित (25) ने बीती रात इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में दम तोड़ दिया। वह मंडी जिले की करसोग तहसील के मडीधार गांव का रहने वाला था। हादसे में उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा युवक दीपक (19) भी घायल हुआ था।

पुलिस के अनुसार यह सड़क दुर्घटना 8 नवम्बर को दिवाली के दिन सुबह करीब 8:30 बजे बसंतपुर में हुई थी। रोहित पुत्र प्रेम चन्द और दीपक पुत्र परस राम मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल की निजी बस के साथ टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोहित की 19 नवम्बर की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दुर्घटना के संबंध में पुलिस थाना सुन्नी में 8 नवम्बर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(A) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story