शिमला : डंपर की चपेट में आने से 59 वर्षीय व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now
शिमला : डंपर की चपेट में आने से 59 वर्षीय व्यक्ति की मौत


शिमला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में डंपर की चपेट में आने से 59 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सोमवार को सिंघापुर में हुआ। मृतक की पहचान जीत बहादुर निवासी गांव हनोग, तहसील कुमारसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार जीत बहादुर सोमवार सुबह सिंघापुर में भैराखड़ के पीछे सुंदर के मकान में पलस्तर का काम करने गए थे। सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी सुनीता मोबाइल फोन में रिचार्ज करवाने के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में एक महिला ने उन्हें सिंघापुर के पास एक नेपाली व्यक्ति के साथ सड़क हादसा होने की सूचना दी।

सूचना मिलने पर सुनीता घटनास्थल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने पति को डंपर की चपेट में आया हुआ देखा। आरोप है कि डंपर चालक ने जीत बहादुर को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। बाद में चालक की पहचान गुलाब सिंह निवासी गांव रोडी तहसील करसोग जिला मंडी के रूप में हुई।

हादसे के बाद जीत बहादुर को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी) खनेरी अस्पताल रामपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने सुनीता के बयान के आधार पर डंपर चालक गुलाब सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक शिकायत में हादसे का कारण डंपर को तेज गति और लापरवाही से चलाना बताया गया है।

मामले की जांच पुलिस चौकी सैंज की प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वरी मेहता कर रही हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767477 Articles

Share this story