शिमला के रोहड़ू में कार दुर्घटनाग्रस्त, मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
शिमला के रोहड़ू में कार दुर्घटनाग्रस्त, मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत


शिमला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे में दरोटी गांव के कुशल और उनकी मां कल्पना देवी सहित तीन नेपाली नागरिकों की जान चली गई। घायल नेपाली नागरिक प्रेम को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। हादसे के बाद दरोटी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

यह दुर्घटना रोहड़ू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नावर इलाके की टिक्कर तहसील में दरोटी गांव के पास पनू नाला के समीप हुई। जानकारी अनुसार दरोटी निवासी कुशल पुत्र प्रमोद अपनी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद के साथ नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान दरोटी गांव निवासी कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद के रूप में हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले तीन नेपाली नागरिकों की पहचान निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम के रूप में हुई है। दुर्घटना में घायल नेपाली नागरिक प्रेम को उपचार के लिए टिक्कर अस्पताल पहुंचाया गया था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।

तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 15-15 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसारहादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

इस बीच मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हादसे में पांच लोगों की मृत्यु और एक व्यक्ति के घायल होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने और घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769795 Articles

Share this story