शिमला में गहरी खाई में गिरी कार, 30 वर्षीय युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना ननखड़ी में दर्ज मामले के अनुसार गांव पांडाधार, डाकघर लैलन, तहसील ननखड़ी निवासी 35 वर्षीय ललित कुमार ने पुलिस को बयान दिया कि रविवार को करीब दोपहर 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि सूखी हुई पानी की नहर के पास खोड़कनाली नामक स्थान पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर छत के बल गिरी हुई है और पास में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।

सूचना मिलने के बाद ललित कुमार स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी। वहीं पास में एक व्यक्ति पीठ के बल मृत पड़ा हुआ था। बाद में मृतक की पहचान कपिल (30) पुत्र सुखदास निवासी गांव भड़गांव, डाकघर भुट्टी, उपतहसील कोटगढ़, जिला शिमला के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर HP95-1895 है, जो सफेद रंग की ग्रैंड आई10 निओस कार है। वाहन के कागजात के अनुसार कार का मालिक भी कपिल ही था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कपिल 7 मार्च की रात करीब 8 बजे बिथल से अपनी कार चलाकर अपने ससुराल गांव चकटी, तहसील ननखड़ी जा रहा था। रास्ते में वह करीब रात 10.30 बजे पांडाधार पहुंचा था। इसके बाद से उसने किसी का फोन नहीं उठाया। आशंका जताई जा रही है कि पांडाधार से आगे बढ़ने के बाद करीब रात 10.40 बजे उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और गहरी खाई में गिर गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा संभवतः कार को लापरवाही से चलाने के कारण हुआ। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story