शिमला : खाई में गिरी कार, बुजुर्ग दम्पति की मौत, बेटे सहित दो घायल
शिमला, 24 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के न्यू शिमला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बिलासपुर के एक परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों में बुजुर्ग दम्पति शामिल है। यह हादसा शोघी-मेहली बाईपास रोड पर सीवरेज प्लांट बड़ागांव के पास हुआ, जहां एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम छा गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर HP 24C 0600 है। कार में कुल चार लोग सवार थे। हादसे में सुमन शर्मा (69) पुत्र कृष्ण दत्त, निवासी हाउस नंबर 172, सेक्टर-2, तहसील सदर, जिला बिलासपुर और उनकी पत्नी लीला देवी (64) की मौके पर ही मौत हो गई। ये दम्पति बेटे के साथ बिलासपुर से शिमला आ रहे थे। कार को इनका बेटा अखिल चला रहा था। अखिल हादसे में घायल हुआ है। उनके साथ कार में सवार निर्मला देवी (55) पत्नी कमलेश कुमार, निवासी सरगीण, पंथाघाटी भी घायल हुई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से बिलासपुर में परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

