चलती बस से झांक रहे व्यक्ति का सिर लोहे के खंभे से टकराया, मौके पर गई जान

WhatsApp Channel Join Now
चलती बस से झांक रहे व्यक्ति का सिर लोहे के खंभे से टकराया, मौके पर गई जान


शिमला, 06 मई (हि.स.)। शिमला जिले के नेरवा बाजार में चलती बस में हुए हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। यह घटना मंगलवार शाम की है, जब बाजार में ट्रैफिक जाम लगा हुआ था और लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे।

पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि वह अपनी सब्जी की दुकान के बाहर खड़े थे, तभी उन्होंने देखा कि एक एचआरटीसी बस भी जाम में फंसी हुई थी। कुछ देर बाद जब जाम खुला और बस आगे बढ़ी, उसी दौरान बस में सवार एक यात्री लायक राम खिड़की से बाहर झांक रहा था।

बस के चलने के साथ ही उसका सिर सड़क किनारे लगे लोहे के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लायक राम नेरवा क्षेत्र के बजाह गांव का रहने वाला था। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

पुलिस ने शमशेर सिंह के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281 व 106 (1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story