राजगढ़ में 500 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 07 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में ढांगी गांव के पास एक ट्रक सड़क से करीब 500 मीटर नीचे घासनी में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 12:20 बजे अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। इसके कुछ समय बाद स्थानीय निवासी हीरा सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी गांव धाली, डाकघर देवठी मझगांव को सूचना मिली कि ढांगी गांव के पास एक ट्रक सड़क से नीचे गिर गया है। इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां सड़क से करीब 500 मीटर नीचे घासनी में ट्रक क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा था।

सुबह रोशनी होने पर ट्रक का नंबर HP07F-1070 सामने आया। ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में फंसा हुआ था। ट्रक मालिक ने मृतक की पहचान टीका राम पुत्र संत राम निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी संजौली, जिला शिमला के रूप में की। ट्रक में दीपक पुत्र सूबा राम निवासी नेपाल भी सवार था, जो हादसे में घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण ट्रक को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाना पाया गया है। हीरा सिंह के बयान के आधार पर पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story