सिरमौर में चलती पिकअप से गिरकर 38 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 09 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के विकास खंड राजगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नेरी कोटली पंचायत के ड्रैना क्षेत्र में चलती पिकअप की अचानक खिड़की खुल जाने से असंतुलित होकर गिरे 38 वर्षीय व्यक्ति की उसी वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार (38) निवासी ग्राम ड्रैना, पंचायत नेरी कोटली के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुण कुमार किसी कार्य से पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव ड्रैना से नेरी कोटली की तरफ जा रहे थे। सफर के दौरान अचानक पिकअप का दरवाजा (खिड़की) खुल गया, जिससे अरुण कुमार खुद को संभाल नहीं पाए और सीधे चलती गाड़ी से पक्की सड़क पर जा गिरे। अनियंत्रित होकर गिरते ही वह उसी पिकअप वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि अत्यधिक चोटें लगने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की और शव को स्थानीय नागरिक अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया। वहां आवश्यक कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार देर शाम मृतक की देह परिजनों को सौंप दी गई।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के तकनीकी व अन्य कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

अरुण कुमार के पिता का पूर्व में ही स्वर्गवास हो चुका है और वह परिवार में कमाने वाले अकेले सदस्य थे। उनके पीछे अब उनकी वयोवृद्ध माता, धर्मपत्नी और 8 वर्ष का एक मासूम बेटा रह गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story