सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल


कुल्लू, 24 नवंबर (हि. स )। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार बीती रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा बबेली के समीप आईटीबीपी कैंप के पास उस समय पेश आया, जब एक तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने गलत दिशा में जाकर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जीप चालक बाइक को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। वहां एक युवक की हालत बेहद नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल संजय के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान चेतन ठाकुर (22 ) पुत्र टिक्कम सिंह, निवासी जंजेहली तहसील थुनाग जिला मंडी के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान योगेश (25) पुत्र गोवर्धन, निवासी सुराह, तहसील थुनाग, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बोलेरो चालक चमन, निवासी चच्योट के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story