नाहन-ददाहू सड़क पर अनियंत्रित होकर पलटी थार जीप
नाहन, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नाहन-ददाहू सड़क पर एक थार (जीप) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा गत रात दोसड़का से महज दो किलोमीटर की दूरी पर लोहारड़ी नामक स्थान के पास पेश आया। जीप जमटा की तरफ से नाहन की ओर आ रही थी। इस दौरान चालक जीप से संतुलन खो बैठा और गाड़ी नाले के समीप जा गिरी।
गनीमत ये रही कि जीप घटनास्थल के समीप बहने वाले नाले में गिरने से बच गई। हालांकि, ये नहीं स्पष्ट नहीं है कि जीप में कितने लोग सवार थे। रात को हादसे के बाद कार सवार दूसरी गाड़ी में गंतव्य तक पहुंचे। मौके पर कार में नंबर प्लेट्स भी नहीं थी। ऐसे में माना जा रहा है कि या तो जीप एप्लाइड फॉर थी या फिर हादसे के बाद उसकी नंबर प्लेट्स उतार ली गईं।
फिलहाल, दुर्घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। सोमवार सुबह 11 बजे के आसपास मौके पर क्रैन को बुलाकर गाड़ी को उठाया गया। इस दौरान लोगों ने बताया कि कार में सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। ये हादसा रात को हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

