जोगिंदरनगर में कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, पति गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 22 सितंबर (हि.स.)। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगिंदरनगर के ढेलू के समीप मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान 58 वर्षीय रुकमणी और घायल की पहचान 62 वर्षीय जय सिंह, निवासी लोअर योरा, के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दंपति मंगलवार को लदरूहीं स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों स्कूटी पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढेलू के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में रुकमणी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि जय सिंह के शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी।

हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय पंचायत प्रधान मुकेश की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए जोगिंदरनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रुकमणी को मृत घोषित कर दिया। जय सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि फरार वाहन चालक की तलाश के लिए जिलेभर में नाकाबंदी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story