कालाअंब में भीषण सड़क हादस, टिप्पर की टक्कर से स्कूटी सवार 27 साल की युवती की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कालाअंब में भीषण सड़क हादस, टिप्पर की टक्कर से स्कूटी सवार 27 साल की युवती की मौत


नाहन, 24 अप्रैल (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक युवती को अपनी जान गंवानी पड़ी। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे नाहन-कालाअंब मार्ग पर एक तेज रफ्तार टिप्पर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक युवती की पहचान नैंसी तोमर उम्र 27 वर्ष (पुत्री गंभीर सिंह) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नैंसी मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली थी, लेकिन वर्तमान में उनका परिवार कालाअंब के मैनथापल क्षेत्र में रह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी और टिप्पर दोनों वाहन नाहन से कालाअंब की ओर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और टिप्पर चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर साक्ष्य जुटा लिए हैं और टिप्पर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना तेज रफ़्तार के कारण हुई या किसी तकनीकी खराबी की वजह से।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story