आनी में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, एक घायल

WhatsApp Channel Join Now
आनी में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, एक घायल


आनी में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, एक घायल


कुल्लू, 22 सितंबर (हि.स.)। कुल्लू जिला के आनी क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा निगान-धारीपुर सड़क मार्ग पर सुबह करीब 3:30 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार पांच लोग एक गाड़ी में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर आनी के विधायक लोकेन्द्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रामपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार हादसे में राहुल राणा (25) पुत्र जगदीश चंद, बाल कृष्ण पुत्र ढीक राम, विकास उर्फ विक्की पुत्र हीरा सिंह तथा गुंजन पुत्र राम प्रकाश की मौत हुई है। चारों मृतक जाबो, डाकघर कराणा, तहसील आनी जिला कुल्लू के निवासी थे।

वहीं, सुरेश कुमार (29) पुत्र मोहन लाल, निवासी जाबो, डाकघर कराणा तहसील आनी गंभीर रूप से घायल हुआ है। चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रामपुर रेफर किया है।

एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे पर विधायक लोकेन्द्र कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story