लाहौल में पिकअप नाले में गिरी, पति-पत्नी की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now

कुल्लू, 26 नवंबर (हि.स.)। लाहौल उपमंडल के तांदी-प्यूकर संपर्क मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाम करीब 4 बजे उस समय हुआ, जब एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरा।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र लाहौल-स्पीति तथा अग्निशमन उपकेंद्र केलांग से मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (एचपी-42-3830) गोजंग गांव से तांदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान मार्ग पर नाले में पानी जमा होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क से फिसलकर नाले में जा गिरी।

हादसे के समय वाहन में दो पुरुष और एक महिला सहित कुल तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक पुरुष और महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा व्यक्ति घायल हो गया। घायल को तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

डीएसपी क्षमादत शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान अजय और उनकी पत्नी अंजलि, निवासी कटराई, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति की पहचान सक्षम के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story