सिरमौर : एचआरटीसी बस की टक्कर से बाइक सवार युवक-युवती घायल

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 24 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले में नाहन क्षेत्र के निहोग के पास रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में अकाल कॉलेज बडू साहिब की एक छात्रा ने बताया कि वह अपने परिचित कल्प शर्मा के साथ मोटरसाइकिल पर भूर्शिंग महादेव मंदिर सराहां में दर्शन करने गई थी। दर्शन करने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान निहोग के पास नाहन की ओर से आ रही एचआरटीसी बस ने एक तीखे मोड़ पर उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

शिकायत के अनुसार बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में युवती को अंदरूनी चोटें आई हैं, जबकि युवक की दाहिनी टांग में तीन फ्रैक्चर हुए हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी बस चालक की पहचान कुशल शर्मा निवासी डाकघर कोटला मोलर, तहसील ददाहू के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125A के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story