सेब से लदी पिकअप 30 मीटर गहरी खाई में गिरी, चालक समेत दो लोग सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now


नाहन, 13 सितंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर की कमरऊ तहसील के पटवार वृत्त बड़वास के हेवना के समीप रविवार रात सेब से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय पिकअप में चालक समेत दो लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि दोनों लोग सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार पिकअप संख्या यूपी-19-एटी-5344 सेब की खेप लेकर जा रही थी। हेवना के समीप रात के समय अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।

हादसे में पिकअप को काफी नुकसान पहुंचा है, जबकि उसमें लदे सेब भी क्षतिग्रस्त होकर खराब हो गए। पिकअप में अमित पुत्र विजेंद्र और अभिषेक पुत्र तिलक राज सवार थे, जो मुजफ्फरनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद दोनों किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर कमरऊ के नायब तहसीलदार ओम प्रकाश भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन और सेब की खेप को नुकसान पहुंचने से आर्थिक क्षति हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story