स्कॉर्पियो की टक्कर से 7 वर्षीय बच्चे की मौत, अज्ञात चालक पर मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 29 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के नाहन क्षेत्र में लखदाता पीर के पास हुए सड़क हादसे में 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी गुन्नुघाट को 28 मई की रात सूचना मिली कि लखदाता पीर के समीप सड़क हादसे में घायल एक बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही एएसआई पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां अयान सूर्या (7 वर्ष), पुत्र राकेश सूर्या, निवासी गांव चुनवी, डाकघर चाढ़ना, तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर उपचाराधीन मिला। उसके साथ उसकी माता नीरज भी मौजूद थीं।

बच्चा गंभीर रूप से घायल होने के कारण बयान देने की स्थिति में नहीं था। उसकी माता ने पुलिस को बताया कि लखदाता पीर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उनके बेटे को टक्कर मार दी। घटना के बाद वह काफी घबराई हुई थीं और विस्तृत बयान नहीं दे सकीं।

प्रारंभिक जांच में हादसा अज्ञात स्कॉर्पियो चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होना पाया गया है। फिलहाल घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

पुलिस ने थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घायल बच्चे अयान को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story