प्रदेश स्तरीय मांगों को लेकर को लेकर मंडी में एबीवीपी ने किया शव प्रदर्शन
मंडी, 19 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई द्वारा प्रदेश स्तरीय मांगों को लेकर शव प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अनेक कार्यकर्ताओं ने शव का रूप धारण कर प्रदेश सरकार की नीतियों का विरोध किया। प्रदर्शन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में की गई फीस वृद्धि के निर्णय को वापस लेने, छात्र संघ चुनाव बहाल करने तथा सरदार पटेल विश्वविद्यालय के घटाए गए दायरे को पुनः बहाल करने की मांग उठाई गई।
विद्यार्थी परिषद ने मांग की कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बढ़ाई गई फीस का निर्णय जल्द से जल्द वापस लिया जाए। साथ ही, विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकार छात्र संघ चुनावों को पुनः बहाल किया जाए। परिषद ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय के घटाए गए दायरे को भी पूर्व की स्थिति में बहाल करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
इकाई अध्यक्ष करण ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिछले कई दिनों से लगातार मांग कर रही है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बढ़ाई गई फीस वृद्धि के निर्णय को जल्द से जल्द वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कई वर्षों से छात्र संघ चुनाव बंद हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। विद्यार्थी परिषद लगातार छात्र संघ चुनावों की बहाली की मांग उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय के दायरे को घटाने का निर्णय विश्वविद्यालय के हित में नहीं है। इससे विश्वविद्यालय की कार्यक्षमता एवं विस्तार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विद्यार्थी परिषद लगातार सरदार पटेल विश्वविद्यालय के घटाए गए दायरे को पुनः बहाल करने की मांग कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा इस दिशा में अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की इन मांगों को जल्द पूरा नहीं करती है, तो इससे भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। आगामी आंदोलन के लिए प्रदेश सरकार स्वयं जिम्मेदार होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

