छात्राओं के शौचालय में वीडियो बनाने के मामले पर एबीवीपी ने सरकार को घेरा, सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
छात्राओं के शौचालय में वीडियो बनाने के मामले पर एबीवीपी ने सरकार को घेरा, सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग


शिमला, 23 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के बडू साहिब स्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गर्ल्स एटरनल यूनिवर्सिटी में छात्राओं के शौचालय में वीडियो बनाए जाने की घटना को बेहद गंभीर और शर्मनाक बताया है। परिषद की हिमाचल प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि जिस संस्थान को बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का केंद्र माना जाता है, वहां इस तरह की घटना होना पूरे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े करता है।

नैंसी अटल ने शनिवार को कहा कि छात्राओं की सतर्कता के कारण आरोपी को मौके पर पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं है, बल्कि छात्राओं की निजता, सम्मान और सुरक्षा पर सीधा हमला है। एबीवीपी ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।

उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय में केवल सुरक्षा व्यवस्था ही नहीं, बल्कि छात्राओं को दी जा रही सुविधाओं को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। हाल ही में मेस के खाने में कीड़े और गंदगी मिलने की शिकायतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रशासन की लापरवाही को दिखाता है और छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

एबीवीपी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की तुरंत समीक्षा की जाए। परिषद ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में कर्मचारियों का सत्यापन, महिला सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य की जानी चाहिए। साथ ही छात्रावासों और मेस की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाए।

नैंसी अटल ने मांग की कि आरोपी के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच होनी चाहिए और यह भी पता लगाया जाए कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।

एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि अगर मामले में लापरवाही बरती गई या दोषियों को बचाने की कोशिश हुई तो परिषद प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story