31 जुलाई से 11 अगस्त तक प्रदेश व्यापी आंदोलन करेंगी एबीवीपी

WhatsApp Channel Join Now
31 जुलाई से 11 अगस्त तक प्रदेश व्यापी आंदोलन करेंगी एबीवीपी


मंडी, 31 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला मंडी द्वारा प्रदेश स्तरीय विभिन्न छात्र मांगों एवं आगामी आंदोलनों का ब्योरा दिया गया। इस दौरान परिषद ने प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों पर डाले जा रहे आर्थिक बोझ एवं शिक्षा विरोधी नीतियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। विभाग संयोजक मंजुल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार शिक्षा को अधिकार नहीं, बल्कि कमाई का साधन बना चुकी है। सरकार ने शिक्षण संस्थानों को शिक्षा के केंद्र के बजाय शोषण और आर्थिक लूट का माध्यम बना दिया है, जहां विद्यार्थियों से लगातार बढ़ी हुई फीस के माध्यम से आर्थिक वसूली की जा रही है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं परीक्षा संबंधी शुल्कों में 25 से 30 प्रतिशत तथा डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 50 से 60 प्रतिशत तक की गई फीस वृद्धि प्रदेश सरकार की छात्र एवं शिक्षा विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। महंगाई और बेरोजगारी के इस दौर में विद्यार्थियों पर इतना बड़ा आर्थिक बोझ डालना पूर्णतः अन्यायपूर्ण एवं अस्वीकार्य है।

एबीवीपी जिला संयोजक करण ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों से शिक्षा की कीमत वसूलने में लगी है। विश्वविद्यालयों की वित्तीय अव्यवस्था का बोझ छात्रों पर डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। शिक्षा व्यापार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने शीघ्र ही अपने छात्र विरोधी निर्णय वापस ले और छात्र संघ चुनाव बहाल करे। अगर ऐसा नहीं किया, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी तथा छात्र हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा कि अभाविप की प्रमुख मांगों में हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव तत्काल प्रभाव से बहाल किए जाएं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बढ़ाई गई फीस वृद्धि को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। उन्होंने बताया के 31 जुलाई को इकाई स्तर पर ज्ञापन दिया जाएगा। इसके अलावा तीन अगस्त को उपायुक्त एवं उपमंडलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजे जाएंगे। पांच अगस्त को इकाई स्तर पर धरना-प्रदर्शन, 6–7 अगस्त को इकाई स्तर पर हस्ताक्षर अभियान और 11 अगस्त इकाई स्तर पर रैली एवं विरोध-प्रदर्शन किए जाएंगे। वहीं 13–14 अगस्त को इकाई स्तर पर सांकेतिक भूख हड़ताल व 17 अगस्त को जिला केंद्र पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story