विद्यार्थी परिषद ने की राजकीय महाविद्यालय मंडी में की तालाबंदी

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थी परिषद ने की राजकीय महाविद्यालय मंडी में की तालाबंदी


मंडी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई द्वारा महाविद्यालय में तालाबंदी कर दी है। एबीवीपी ने छात्रहित से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर महाविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया। एबीवीपी का आरोप है कि लंबे समय से छात्रों की समस्याओं और मांगों को प्रशासन द्वारा लगातार नजरअंदाज किया जा रहा था, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।

इकाई अध्यक्ष करन ठाकुर ने बताया कि पिछले कई महीनों से महाविद्यालय में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अनेक समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए परिषद द्वारा समय-समय पर महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, वार्ता की पहल की गई तथा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी किए गए। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो कोई ठोस आश्वासन दिया गया और न ही मांगों पर सार्थक कार्यवाही की गई।

उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थियों की मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद भूख हड़ताल या आक्रोश रैली जैसे आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

विद्यार्थी परिषद की प्रमुख मांगों में वीजीसी मंडी बॉयज़ हॉस्टल की मेस के लिए दोबारा टेंडर जारी किया जाए, ताकि छात्रों को उचित भोजन व्यवस्था मिल सके। पिछले लगभग छह महीनों से हॉस्टल में मेस बंद है, जिसके कारण छात्रों को 3–4 किलोमीटर दूर जाकर भोजन करना पड़ रहा है। अतः शीघ्र मेस का टेंडर जारी किया जाए। कॉलेज कैंटीन के लिए भी पुनः टेंडर जारी किया जाए। यह पिछले 3–4 महीनों से बंद पड़ी है। महाविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड नियुक्त किए जाएं।

महाविद्यालय के शौचालयों की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए तथा उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। कॉलेज कैंपस में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। महाविद्यालय में गर्ल्स कॉमन रूम की व्यवस्था को ठीक किया जाए आदि प्रमुख हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story