सुखू सरकार में बेलगाम माफिया राज, कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल : अभी ठाकुर
नाहन, 12 मई (हि.स.)। देवभूमि हिमाचल प्रदेश आज जिस प्रकार माफिया तंत्र, गुंडागर्दी और अवैध गतिविधियों की गिरफ्त में आता जा रहा है, वह प्रदेश की शांति और कानून व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक विषय बन चुका है। जिला सिरमौर के कोलर क्षेत्र में सोमवार रात को हुई बाप-बेटे पर जानलेवा हमले की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। खुलेआम बाजार में इस प्रकार की हिंसक घटनाएं यह दर्शाती हैं कि प्रदेश में असामाजिक तत्वों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रांत सह मंत्री अभी ठाकुर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कोलर क्षेत्र में दुकान चला रहे बाप-बेटे पर कुछ अज्ञात हमलावरों द्वारा किया गया हमला केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर सीधा प्रहार है। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में इस प्रकार की गुंडागर्दी और सरेआम हिंसा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।
अभी ठाकुर ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में खनन माफिया, वन माफिया और अवैध गतिविधियों से जुड़े गिरोह लगातार सक्रिय होते जा रहे हैं। सुखविंदर सिंह सुखू सरकार के कार्यकाल में जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में अवैध खनन से जुड़े बेलगाम दौड़ रहे ट्रक आम जनता की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके हैं। आए दिन नियमों की धज्जियां उड़ाकर सड़कों पर तेज रफ्तार और दबंगई के साथ चल रहे इन वाहनों के कारण आम लोगों में भय का माहौल है। प्रशासन की चुप्पी और निष्क्रियता कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग करती है कि इस मामले की निष्पक्ष, तेज़ और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिषद यह भी मांग करती है कि प्रदेश में सक्रिय अवैध खनन माफिया और असामाजिक तत्वों पर तत्काल प्रभाव से व्यापक अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

