अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडी द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय अभ्यास वर्ग आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडी द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय अभ्यास वर्ग आयोजित


मंडी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडी जिले की ओर से दो दिवसीय अभ्यास वर्ग का सफल समापन किया गया। इस वर्ग में जिला के विभिन्न इकाइयों से कुल 93 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। अभ्यास वर्ग का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बारे में गहन जानकारी प्रदान करना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने वैचारिक यात्रा, सैद्धांतिक भूमिका, कार्य पद्धति एवं परिसर सक्रियता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को भाषण देना, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, मीडिया पोस्टर लेखन आदि की जानकारी दी गई, जिससे वे संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में और अधिक प्रभावी रूप से योगदान दे सकें।

जिला संयोजक करण ठाकुर ने कहा कि अभ्यास वर्ग छात्रों के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह वर्ग विद्यार्थियों को केवल परिषद की कार्यपद्धति से ही परिचित नहीं कराते, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना के निर्माण में भी अहम योगदान देते हैं। विद्यार्थी परिषद का मानना है कि जब तक छात्र-छात्राओं को संगठनात्मक प्रशिक्षण, वैचारिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर नहीं मिलेगा, तब तक वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी पूर्ण भूमिका नहीं निभा पाएंगे। अभ्यास वर्ग इसी उद्देश्य की पूर्ति करता है। इन वर्गों के माध्यम से प्रतिभागी परिषद के इतिहास, कार्यपद्धति और मूल विचारों से परिचित होते हैं। साथ ही, उन्हें भाषण देने की कला, विचार अभिव्यक्ति, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग और मीडिया पोस्टर लेखन जैसी उपयोगी जानकारी भी प्रदान की जाती है। यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को न केवल संगठन में सक्रिय बनाता है, बल्कि उन्हें समाज में एक जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्वकर्ता के रूप में भी तैयार करता है।

राहुल चौहान ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हर वर्ष ऐसे अभ्यास वर्गों का आयोजन करती है ताकि अधिक से अधिक छात्र परिषद से जुड़कर राष्ट्रहित में कार्य कर सकें। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जिले के अन्य महाविद्यालयों और विद्यालयों में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। उनका विश्वास है कि ऐसे वर्गों से निकलने वाला हर छात्र समाज के लिए एक जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार व्यक्तित्व के रूप में सामने आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story