हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप, 20 हज़ार नए सदस्य जोड़ने का दावा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप, 20 हज़ार नए सदस्य जोड़ने का दावा


शिमला, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस और भाजपा के सामने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। साथ ही कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने उसके चुनावी वादों की नकल की, लेकिन उन्हें पूरा करने की इच्छाशक्ति और काबिलियत नहीं दिखाई।

मंगलवार को शिमला में पार्टी के नए कार्यालय खोलने के अवसर पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी ऋतुराज झा ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि सदस्यता अभियान के दौरान अब तक 20 हजार से अधिक नए सदस्य पार्टी से जुड़ चुके हैं। आने वाले तीन से चार महीनों में बूथ, पंचायत और प्रदेश स्तर पर संगठन के विस्तार का काम आगे बढ़ाया जाएगा।

ऋतुराज झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार की गारंटियों पर घेराव करेगी। उनके अनुसार विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपये देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, बेहतर स्कूल और क्लीनिक उपलब्ध कराने तथा युवाओं को रोजगार देने जैसे वादे किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने इन वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। गारंटियों को पूरा नहीं किए जाने के विरोध में पार्टी विधानसभा का घेराव करेगी और जनता के बीच इस मुद्दे को उठाएगी।

ऋतुराज झा ने दावा किया कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा और अन्य गारंटियां आम आदमी पार्टी की चुनावी घोषणाओं से जुड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इन वादों को अपनाया, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने के लिए जरूरी इच्छाशक्ति नहीं दिखाई। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां आम आदमी पार्टी की सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए वादों से आगे बढ़कर काम किया है।

ऋतुराज झा ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के लोग दोनों दलों की राजनीति से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेगी और सरकार से चुनावी वादों का हिसाब मांगेगी।

अगले महीने शिमला आएंगे अरविंद केजरीवाल

ऋतुराज झा ने बताया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अगले महीने शिमला आएंगे। उनके प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति की जानकारी दी जाएगी। झा ने यह भी दावा किया कि इस दौरे के दौरान छह से सात नए नेताओं के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की जाएगी। हालांकि, उन्होंने इन नेताओं के नाम और उनकी मौजूदा राजनीतिक संबद्धता का खुलासा नहीं किया।

झा ने स्पष्ट किया कि पार्टी हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए संगठन को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story