आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर निकाली आक्रोश रैली

WhatsApp Channel Join Now
आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर निकाली आक्रोश रैली


मंडी, 10 सितंबर (हि.स.)। जातिगत आरक्षण के विरोध में देवभूमि सवर्ण संगठन ने गुरुवार को मंडी जिले के गोहर उपमंडल में चैलचौक से एसडीएम कार्यालय गोहर तक आक्रोश रैली निकाली। संगठन के सदस्यों ने जाति के आधार पर आरक्षण व्यवस्था समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई। रैली के बाद तहसीलदार गोहर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश और प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी रोलबैक, कानून और जातिगत आरक्षण के खिलाफ भी अपना आक्रोश जताया।

उन्होंने कहा कि संगठन आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन आरक्षण का आधार जाति नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति होनी चाहिए। उनका कहना था कि किसी भी जाति या धर्म का आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति आरक्षण के लाभ का हकदार होना चाहिए।

संगठन के सदस्यों ने कहा कि वे एक समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के समर्थक रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार की वोट बैंक की नीति से वे आहत हैं और इसी वजह से आज सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध आरक्षण से नहीं, बल्कि जातिगत आधार पर आरक्षण दिए जाने की व्यवस्था से है।

संगठन ने सरकार से मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को जाति और धर्म से ऊपर उठकर आरक्षण का लाभ दिया जाए। इस रैली में महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया और भारत सरकार के खिलाफ जातिगत आरक्षण के विरोध में आवाज बुलंद की। रैली में संगठन की ओर से राजू भंगरोहिया, रविन्द्र राणा, टेक सिंह ठाकुर, गुरदयाल सिंह ठाकुर, राकेश कुमार समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story