आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं क्रैच सहायिका के रिक्त पदों के लिए 7 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

WhatsApp Channel Join Now
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं क्रैच सहायिका के रिक्त पदों के लिए 7 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित


मंडी, 11 जून (हि.स.)। बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान ने बताया कि बाल विकास परियोजना सुंदरनगर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका तथा क्रैच सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र स्थानीय महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी सादे कागज पर अपना आवेदन 7 जुलाई 2026 सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सुंदरनगर में जमा कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगर परिषद सुंदरनगर के अंतर्गत कुल 9 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 10 आंगनवाड़ी सहायिका तथा एक क्रैच सहायिका के पद रिक्त हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद भौर, डिनक-1, रड़ा-2, अलसु, कांगू, खतरवाड़, चांदरू, थला तथा अंबेडकर नगर-1 केंद्रों में भरे जाएंगे। वहीं जुगाहण-2, देरडु, जरल, सलापड़, खील, संगाहण, रियांह, जडरोन, नौलखा तथा सनोह केंद्रों में आंगनवाड़ी सहायिका के पद रिक्त हैं। इसके अतिरिक्त रोपा स्थित आंगनवाड़ी सह क्रैच केंद्र में क्रैच सहायिका का एक पद भरा जाएगा।

उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए अभ्यर्थी की आयु 7 जुलाई 2026 को 18 से 35 वर्ष तथा क्रैच सहायिका के लिए 11 जून 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की निवासी महिला ही आवेदन के लिए पात्र होगी। क्रैच सहायिका पद के लिए वार्ड नंबर 10 और 11 की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं तथा क्रैच सहायिका के लिए 10वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं क्रैच सहायिका पदों के लिए साक्षात्कार/दस्तावेज सत्यापन 14 जुलाई 2026 तथा आंगनवाड़ी सहायिका पदों के लिए 15 जुलाई 2026 को प्रातः 10:30 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सुंदरनगर में आयोजित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story