हिमाचल के तीन शहरों में आधार सेवा केंद्र की सुविधा, अब चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के तीन शहरों में आधार सेवा केंद्र की सुविधा, अब चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं


शिमला, 17 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के लोगों को आधार कार्ड से जुड़े सामान्य काम करवाने के लिए अब चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने प्रदेश में तीन आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से इन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की है। ये केंद्र शिमला, मंडी और कांगड़ा में संचालित हैं। यहां लोग नया आधार बनवाने, आधार में नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग संबंधी जानकारी में संशोधन करवाने के साथ बायोमेट्रिक अपडेट भी करवा सकते हैं। इन केंद्रों का लाभ संबंधित शहरों के साथ आसपास के जिलों और क्षेत्रों के निवासी भी उठा सकते हैं।

शिमला में आधार सेवा केंद्र ईस्टलिन कॉम्प्लेक्स, अपर ग्राउंड फ्लोर, हिमुर्जा के समीप, एसडीए कॉम्प्लेक्स, कसुम्पटी में स्थित है। मंडी में यह केंद्र ग्राउंड फ्लोर, पारस होटल के समीप, सौली खड्ड में है। इसका पिन कोड 175001 है। कांगड़ा में आधार सेवा केंद्र जमानाबाद रोड, तलपुरा में स्थित है। यहां का पिन कोड 176001 है। यूआईडीएआई के अनुसार ये तीनों केंद्र पहले से उपलब्ध आधार नामांकन और अपडेट केंद्रों के अतिरिक्त सेवा विकल्प हैं। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से किसी भी केंद्र पर जाकर आधार संबंधी काम करवा सकते हैं।

इन केंद्रों पर बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए सुविधाजनक और सुलभ वातावरण उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है। नया आधार पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। वहीं, आधार में अन्य बदलाव और अपडेट करवाने के लिए यूआईडीएआई के निर्धारित नियमों के अनुसार शुल्क देना होगा। इन सुविधाओं से प्रदेश के लोगों को सामान्य आधार संबंधी कामों के लिए चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय तक जाने की आवश्यकता कम होगी।

यूआईडीएआई ने उन लोगों को विशेष सलाह दी है, जिन्हें किसी काम के लिए क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ जाना जरूरी है। ऐसे लोगों को यात्रा से 10 से 15 दिन पहले https://sewa.uidai.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने को कहा गया है। इससे लोग अपनी यात्रा की पहले से योजना बना सकेंगे और कार्यालय में व्यवस्थित तरीके से सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ का कहना है कि इन केंद्रों के माध्यम से प्रदेश में आधार सेवाओं को नागरिकों के नजदीक उपलब्ध करवाने और सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story