दुगनेड़ी-बारल सड़क, सोलर लाइट्स और अन्य विकास कार्यों के लिए दिया जाएगा बजट : सुनील शर्मा बिट्टू

WhatsApp Channel Join Now
दुगनेड़ी-बारल सड़क, सोलर लाइट्स और अन्य विकास कार्यों के लिए दिया जाएगा बजट : सुनील शर्मा बिट्टू


हमीरपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि हमीरपुर शहर के साथ लगते गांव दुगनेड़ी में शीघ्र ही सोलर लाइटें लगाई जाएंगी और दुगनेड़ी से बारल तक सड़क के निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। गांव दुगनेड़ी में आयोजित जनसमस्या निवारण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यहां की पुरानी बावड़ी का जीर्णोद्धार करके इसमें हैंड पंप लगाया जाएगा और गौर से मोक्षधाम तक पक्की सड़क बनाई जाएगी।

सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के लोगों की समस्याओं का पता लगाने तथा इन समस्याओं का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए वह लगातार इन इलाकों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुगनेड़ी में भी सड़क, पेयजल, बिजली, स्ट्रीट लाइट्स और अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं से संबंधित सभी जनसमस्याओं का त्वरित निपटारा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साढे तीन वर्ष के कार्यकाल की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला हमीरपुर के लिए अरबों रुपये की परियोजनाएं मंजूर की हैं। उन्होंने हमीरपुर के लिए मेडिकल कालेज, डेंटल कालेज, नर्सिंग कालेज, प्रदेश का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज कालेज, कैंसर केयर संस्थान, मातृ-शिशु अस्पताल, प्रदेश का पहला डेडिकेटड साइंस कालेज, प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, इंडोर स्टेडियम, विभिन्न विभागों, बोर्डों एवं निगमों के राज्य स्तरीय कार्यालय और कई अन्य सौगातें दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story