8 साल से फरार उद्घोषित अपराधी शिमला के ठियोग से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
8 साल से फरार उद्घोषित अपराधी शिमला के ठियोग से गिरफ्तार


नाहन, 25 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम नाहन ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को शिमला जिले के ठियोग से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ थाना राजगढ़ में सेंधमारी व चोरी का मामला दर्ज था।

पीओ सेल टीम नाहन ने आज उद्घोषित अपराधी जय प्रकाश पुत्र सुंदर सिंह, निवासी गांव धैला दयोठी, डा0 शरगाँव, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर, हि0प्र0 को ठियोग, शिमला से गिरफ्तार किया है। आरोपी जय प्रकाश थाना राजगढ़ में दर्ज अभियोग संख्या 42/18 दिनांक 12-08-2018 जेर धारा 457, 380 IPC में वांछित था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पीओ सेल नाहन की टीम लगातार फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है। इसी कड़ी में गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को आज ठियोग से दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपी को आगामी कार्रवाई हेतु न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिन्त सिंह नेगी ने बताया कि जिला पुलिस ने उदघोषित अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष मुहीम छेड़ी हुआ है और किसी फरार अपराधी को छोड़ा नहीं जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story