48 घंटे में मुकदमे वापस लें, नहीं तो उग्र आंदोलन : अभाविप

WhatsApp Channel Join Now
48 घंटे में मुकदमे वापस लें, नहीं तो उग्र आंदोलन : अभाविप


नाहन, 20 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की नाहन इकाई ने वीरवार को कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिषद ने 18 अगस्त को की गई सांकेतिक तालाबंदी के बाद छह विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज मामलों को 48 घंटे के भीतर वापस लेने की मांग की।

अभाविप नाहन इकाई के उपाध्यक्ष रमन शर्मा ने कहा कि फीस वृद्धि के विरोध में परिषद ने सांकेतिक तालाबंदी की थी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से छह विद्यार्थियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये मामले झूठे और राजनीति से प्रेरित हैं तथा विद्यार्थियों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

रमन शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा विद्यार्थियों के हितों और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो परिषद आगामी दिनों में उग्र आंदोलन करेगी।

अभाविप ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story