4 क्विंटल गांजे के मामले में फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
4 क्विंटल गांजे के मामले में फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार


नाहन, 27 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी युसुफ अली निवासी उपरली भंगाणी, तहसील पांवटा साहिब को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार साल 2021 में थाना पुरुवाला में आरोपी के कब्जे से लगभग 4 क्विंटल गांजा बरामद हुआ था। इसके बाद से आरोपी फरार था। न्यायालय पांवटा साहिब ने 11.05.2023 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।

26 जुलाई को पीओ सेल नाहन की विशेष टीम आरक्षी मोहित सैनी, मानक मुख्य आरक्षी विनय व आरक्षी जगपाल ने एसटीएफ पुलिस टीम देहरादून में तैनात दीपक चंदोला के सहयोग से गुप्त सूचना के आधार पर धर्मावाला चौक, उत्तराखंड के पास दबिश दी।

सूचना के अनुसार आरोपी कार से देहरादून से पांवटा साहिब की ओर आ रहा था। पुलिस ने वाहन को रोककर चेक किया तो चालक की पहचान युसुफ अली के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story