21वीं राज्य स्तरीय सीनियर खो-खो चैंपियनशिप में मंडी ने जीता महिला खो-खो का खिताब

WhatsApp Channel Join Now
21वीं राज्य स्तरीय सीनियर खो-खो चैंपियनशिप में मंडी ने जीता महिला खो-खो का खिताब


मंडी, 15 नवंबर (हि.स.)। 21वीं राज्य स्तरीय सीनियर महिला खो-खो का खिताब मंडी जिला की टीम ने हासिल किया। जबकि पुरुष वर्ग का खिताब हमीरपुर जिला की टीम ने जीत लिया है। 21वीं राज्य स्तरीय सीनियर महिला एवं पुरुष खो-खो चैंपियनशिप के महिला वर्ग में फाइनल मुकाबला मंडी व हमीरपुर जिला की टीम के मध्य खेला गया। जिसमें मंडी जिला की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में बेहतरीन खेल के दम पर मंडी की साक्षी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तीसरे स्थान के लिए सोलन व सिरमौर के बीच मैच खेला गया, जिसमें सिरमौर की टीम ने जीत हासिल की।

पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला मंडी व हमीरपुर जिला की टीम के मध्य खेला गया। जिसमें हमीरपुर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा किया। हमीरपुर के खिलाड़ी आकर्षित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तीसरे स्थान के लिए कुल्लू व बिलासपुर के मध्य मैच खेला गया, जिसमें बिलासपुर की टीम विजयी रही। प्रतियोगिता में डिफेंडर का खिताब आयुषि व शिवम को मिला। अटैकर का खिताब शुभम व रितिका जबकि आल राउंडर का खिताब कृतिका राणा व रितेश को मिला।

प्रतियोगिता के समापन पर क्षेत्र के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी अमित शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान भारतीय खो-खो महासंघ के संयुक्त सचिव एवं हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के महासचिव एल आर वर्मा व जिला खो-खो एम्च्योर संघ के अध्यक्ष पवन ठाकुर व प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं बिलासपुर खो-खो संघ के महासचिव चुनी लाल ने शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्यातिथि को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता की विजेता व उपविजेता रही टीमों को ट्राफी भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 11 हजार रुपए की राशि प्रदान की। वहीं वर्ष 2027 में राज्य स्तरीय सीनियर महिला एवं पुरुष खो-खो चैंपियनशिप कांगड़ा में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए आज एम्च्योर जिला खो-खो संघ कांगड़ा के महासचिव डा संजय मनकोटिया को झंडा प्रदान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story