₹5.83 करोड़ की लागत से जल्द पूरा होगा आईटीआई कफोटा का भवन : हर्षवर्धन चौहान

WhatsApp Channel Join Now
₹5.83 करोड़ की लागत से जल्द पूरा होगा आईटीआई कफोटा का भवन : हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 03 अक्टूबर (हि.स.)। संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान कफोटा में गांधी जयंती के अवसर पर क्षेत्रीय विकास समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय 15वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि भौतिकतावाद और इंटरनेट के दौर में भी प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में मेलों और त्योहारों की महत्ता कम नहीं हुई है। बड़ी संख्या में लोग इन आयोजनों में भाग लेते हैं।उन्होंने कहा कि कफोटा उत्सव के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिलाई विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश तथा उत्तराखंड से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच मिला।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आईटीआई कफोटा के निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 5 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से आईटीआई भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कफोटा शहर का रूप ले रहा है तथा वर्तमान कार्यकाल में यहां अनेक विकास कार्य सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कफोटा क्षेत्र में पेयजल की समस्या उनके संज्ञान में लाई गई, क्षेत्रवासियों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बोराड पेयजल आपूर्ति योजना तथा लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से खजुरी-पाटनी पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इन दोनों योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान और बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है, 157 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। जिनमें शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शिलाई, सतौन तथा कफोटा भी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story