हिमाचल को मिला नया राज्यपाल, कविंद्र गुप्ता की नियुक्ति, शिव प्रताप शुक्ल तेलंगाना जाएंगे

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल को मिला नया राज्यपाल, कविंद्र गुप्ता की नियुक्ति, शिव प्रताप शुक्ल तेलंगाना जाएंगे


हिमाचल को मिला नया राज्यपाल, कविंद्र गुप्ता की नियुक्ति, शिव प्रताप शुक्ल तेलंगाना जाएंगे


शिमला, 06 मार्च (हि.स.)। प्रदेश को नया राज्यपाल मिल गया है। राष्ट्रपति कार्यालय ने गुरुवार देर रात आदेश जारी कर लद्दाख के उप-राज्यपाल रहे कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त कर दिया, जबकि हिमाचल के मौजूदा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को अब तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। इस फेरबदल के तहत हिमाचल और लद्दाख समेत देश के कुल नौ राज्यों में राज्यपालों के पदों पर बदलाव किया गया है।

हिमाचल के नए राज्यपाल बनाए गए 66 वर्षीय कविंद्र गुप्ता जम्मू-कश्मीर की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और उनका सार्वजनिक जीवन कई दशकों तक फैला हुआ है। जम्मू शहर के जानीपुर इलाके के रहने वाले कविंद्र गुप्ता ने महज 13 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेना शुरू किया था। आपातकाल के दौर में वे करीब 13 महीने तक जेल में भी रहे थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं और जम्मू शहर के तीन बार महापौर भी चुने गए। साल 2005 से 2010 के बीच वे लगातार तीन बार जम्मू के मेयर रहे। इसके अलावा वे भारतीय जनता पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के महासचिव भी रह चुके हैं और 1993 से 1998 तक दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रहे।

वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने गांधी नगर सीट से पहली बार विधायक के तौर पर जीत हासिल की और बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर विधानसभा का स्पीकर चुना गया। इसके बाद उनके राजनीतिक करियर में एक और बड़ा मोड़ तब आया जब 18 जुलाई 2025 को उन्हें केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया और उन्होंने उसी दिन तीसरे उप-राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। करीब नौ महीने तक इस पद पर काम करने के बाद उन्होंने 5 मार्च 2026 को उप-राज्यपाल पद से इस्तीफा दिया और अब उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है।

दूसरी ओर हिमाचल के मौजूदा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को अब तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। शिव प्रताप शुक्ल ने 18 फरवरी 2023 को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी और करीब तीन साल तक इस पद पर अपनी सेवाएं दीं। अब केंद्र सरकार के इस नए फैसले के बाद वे तेलंगाना में राज्यपाल की जिम्मेदारी संभालेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story