हमीरपुर के आरटीओ बदले, राजीव ठाकुर को अतिरिक्त जिम्मेदारी
शिमला, 10 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो एचएएस अधिकारियों को इधर से उधर किया है। हमीरपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) के पद पर बदलाव किया है। सरकार ने एचपीएएस अधिकारी राजीव ठाकुर को आरटीओ हमीरपुर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वे अपने वर्तमान पद के साथ-साथ यह नई जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2020 बैच के एचपीएएस अधिकारी राजीव ठाकुर इस समय हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर में उप सचिव के पद पर तैनात हैं। अब उन्हें इसी पद के साथ अतिरिक्त रूप से क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हमीरपुर का कार्यभार भी सौंपा गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इसी आदेश के तहत वर्ष 2018 बैच के एचपीएएस अधिकारी अंकुश शर्मा, जो अब तक हमीरपुर में आरटीओ के पद पर कार्यरत थे, उनका तबादला कांगड़ा जिले के टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त निदेशक के पद पर किया गया है। उनके स्थान पर ही राजीव ठाकुर को आरटीओ हमीरपुर का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
इसके साथ ही टांडा मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त निदेशक के पद पर तैनात रहे डॉ. (मेजर सेवानिवृत्त) अवनींदर कुमार को वहां से हटाकर कार्मिक विभाग के पूल में भेज दिया गया है। उन्हें अगली तैनाती के लिए सचिवालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

