सिरमौर में निर्विरोध चुनी गईं 28 पंचायतें
नाहन, 16 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर में पंचायती राज चुनाव के बीच 28 ग्राम पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। कई पंचायतों में आपसी सहमति और सामाजिक एकता के चलते बिना मुकाबले प्रतिनिधियों का चयन हुआ, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
विकास खंड पच्छाद की दाड़ो देवरिया और शाडिया पंचायत निर्विरोध चुनी गई हैं। वहीं, विकास खंड संगड़ाह की दाना घाटों, संगड़ाह ग्रामीण, सैंज और रणफुआ जबड़ोग पंचायतों में भी बिना चुनाव के प्रतिनिधियों का चयन हुआ।
राजगढ़ विकास खंड की माटल बखोग, नेहरटी बघोट, काथली भरण और हाब्बन पंचायतों ने भी निर्विरोध पंचायत बनने का गौरव हासिल किया है। तिलौरधार विकास खंड की टटियाणा, शरली मानपुर, पोका, शावगा और कांडो च्योग पंचायतों में भी सहमति से चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।
शिलाई विकास खंड में सबसे अधिक पंचायतें सर्वसम्मति से चुनी गई हैं। इनमें द्राबिल, बकरास, बांबल, बिंडला दिगवा, धारवा, जरवा जुनैली, कांडो भटनौल, नावण भटवाड़, सखौली और शिरी क्यारी पंचायतें शामिल हैं।
इसके अलावा विकास खंड ददाहू की चाढ़ना पंचायत और पांवटा साहिब विकास खंड की भैला और शिवा पंचायत भी निर्विरोध चुनी गई हैं। जिला में बड़ी संख्या में पंचायतों का निर्विरोध चुना जाना ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी तालमेल और सहमति की मिसाल माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

